धृति क्या है?

2:41 PM, Posted by डा. निर्मल साहू, No Comment

गुरुजी के दो सवाल पर जवाब-
-डॉ. निर्मल कुमार साहू
धृति क्या है?
धृति और साहस दोनों का उत्साह के बीच संचरण होता है।
आचार्य रामचंद्र शुक्ल के निबंध उत्साह की इस पंक्ति में धृति शब्द का अर्थ हमारे साहित्यकार मित्र, शिक्षक श्री राम साहू जी के भी पकड़ में नहीं आया। आज के हिंदी शब्दकोशों में भी नदारत था। फोन आया तो मैं भी नहीं बता पाया पर लगता था इस शब्द से परिचित हूं।
कक्षा 10 वीं के हिंदी विशिष्ठ पाठ्यक्र में यह निबंध शामिल है। वर्तमान साहित्य में पूरी तरह से खारिज कर दिए गए इस अप्रचलित शब्द से शिक्षकों का हड़बड़ा जाना तय है। बच्चों में साहस ही था कि धृति का मतलब पूछ लिया। खैर रात को ही संस्कृत और हिंदी के शब्दकोश खंगाले। इस शब्द को ढंूढते जिन शब्दों की परिक्रमा हो गई लगा कि इस पर छोटा-मोटा न सही, दुबला-पतला तो लिखा जा सकता है।
भाषा- शब्दकोश रमाशंकर शुक्ल के मुताबिक धृति- संज्ञा/ स्त्रीलिंग/ संस्कृत शब्द है जिसका आशय है-धारण, ठहराव। धर्म की पत्नी है- धृति। धृतिमान इसीलिए स्थिर चित्त, धीर और गंभीर। मनुस्मृति का जिक्र करते उद्धृत किया गया है-धृति: क्षमा दया मौस्तेय: शौचमिन्द्रिय: निग्रह।
धृति से गुजरते धृत पर ठहर गया- संस्कृत के इस विशेषण का आशय है धरा या धारण किया हुआ , स्थिर।
रामायण का उदाहरण था- धृत सायक पाप निषंग वरम। धृतराष्ट्र यानि दृढ़ राजा का राज्य,अच्छे राजा से शासित राज्य, पर इसका विचलन हो गया। धृतराष्ट्र अब ऐसे अंधे के लिए उपयोग होने लगा है जो पुत्रमोह में वशीभूत हो अपना आपा को बैठे। वैसे सारे अंधे सूरदास से विशेषित थे विज्ञान के इस युग में ये मोदीजी की कृपा से दिव्यांग हो गए हैं।
जंयती मंगला भद्रकाली कपालिनी, दुर्गा , क्षमा, शिवा, धातृ, स्वाहा, स्वधा, नमुस्तते।
इस श्लोक का धातृ/ धात्री शब्द ही था जिसे लगा था कि मैं धृति शब्द से परिचित हूं। धातृ/ धात्री- संस्कृत शब्द है। अर्थ है -मां-माता। इसका विपयर्य है-धाता। संज्ञा/पुल्लिंग। धाता अर्थात धारण या पालन करने वाला। रक्षक या पालक। विधाता कहते ही ब्रह्मा, विष्णु, महेश सामने आ जाते हैं।
उत्साह- दृढ़ता और साहस के बिना संभव नहीं। इसीलिए तो लिखने का यह उत्साह बना।
-----------------
उनका दूसरा सवाल था- श्रद्धा और प्रेम में बड़ा कौन है? दरअसल यह सवाल 12 वीं के एक छात्र का है- जिसका उत्तर वेनहीं दे पाए।
एक झटके में मेरे भीतर से जो जवाब मिला वह था -प्रेम।
प्रेम मां है तो श्रद्धा संतान
प्रेम के गर्भ से ही शद्धा का जन्म होता है।
दो उदाहरण- मां के इस प्रेम को देख उसके प्रति श्रद्धा उमड़ पड़ी।
उस तपस्वी के वैराग्य, त्याग, ज्ञान को देख मन में श्रद्धा का भाव उमड़ा पड़ा।
यानि प्रेम से ही जन्मी है श्रद्धा।
जहां घृणा जन्म ले वहां श्रद्धा कहां?
आसाराम, रामपाल जैसों के कारनामे देख सुन
अब बाबाओं के प्रति श्रद्धा कहां?
श्रद्धा में प्रेम अनिवार्यत: शामिल रहता है,
प्रेम में श्रद्धा जरूरी नहीं।
प्रेम में स्वार्थ हो सकता है, श्रद्धा में नहीं। क्योंकि वह विश्वास की जन्मघंूटी लिए फिरता है।
श्रद्धा से प्राप्तकर्ता को लाभ मिलता है (आजकल हानि भी) देनेवाले को कुछ नहीं।
प्रेम गली अति सांकरी जा में दो न समाहि।
पे्रम में, मैं का अस्तित्व नहीं। आग्रहहीन होकर, अटूट विश्वास एक-दूसरे के प्रति। एकसार, एक दूसरे में समाये।
प्रेम में शारीरिक भंगिमाएं प्रतिक्रियाएं उभर जाती हैं। श्रद्धा में ऐसा नहीं होता।
कुल मिलाकर प्रेम का स्थान बड़ा है, जो जीवन को गति देता है और श्रद्धा उस गति में संतृष्टि। वैसे जब दोनों अंधे हो जाते हैं तो अंधश्रद्धा उससे भी खतरनाक।
नोट- यह विश्लेषण सामान्य ज्ञान पर आधारित है। गूगल की सेवाएं नहीं ली गई हैं। प्रेम का ढाई आखर पढ़ नहीं पाए सो पंडित नहीं बना पाए, असहमति का सादर स्वागत है।

No Comment